तेहरान | 8 अगस्त 2026
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई की हालत गंभीर है और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। रिपोर्ट में यहां तक कहा गया है कि उनकी मौत कभी भी हो सकती है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, ईरानी अधिकारियों की ओर से पहले भी मोजतबा खामेनेई की खराब सेहत से जुड़ी खबरों को खारिज किया जाता रहा है।
इजरायली मीडिया ने क्या दावा किया ?
इजरायली चैनल ‘चैनल 14’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के अंदर मौजूद सूत्रों से मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी मिलने का दावा किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है और उनके बचने की उम्मीद बेहद कम है। रिपोर्ट में ‘ईरानवायर’ के दावों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से मोजतबा की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताए जाने की बात कही गई है।
ईरानी नेतृत्व को जानकारी होने का दावा
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व को मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी है। हालांकि, इन दावों को लेकर ईरान की ओर से कोई स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पहले मोजतबा की मौजूदगी को देश के लिए ताकत का स्रोत बताया था और कहा था कि उनसे बातचीत करना मुश्किल है, लेकिन उनका नेतृत्व ईरान के लिए महत्वपूर्ण है।
ईरान पहले भी खारिज कर चुका है ऐसी खबरें
मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर इससे पहले भी कई तरह की रिपोर्ट सामने आ चुकी हैं। ईरानी अधिकारियों ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें दावा किया गया था कि वह काम करने की स्थिति में नहीं हैं। ईरानी पक्ष के मुताबिक, फरवरी में हुए हमले के दौरान उन्हें चोट लगी थी, लेकिन इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और वह महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल रहे।
फरवरी के हमले में घायल होने का दावा
मोजतबा खामेनेई के बारे में रिपोर्टों के अनुसार, फरवरी में हुए इजरायल-अमेरिका के हमलों में उनके पिता और तत्कालीन सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हुई थी। इसी घटनाक्रम के बाद मोजतबा खामेनेई को ईरान का सर्वोच्च नेता बनाया गया। उनकी सेहत को लेकर भी समय-समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। ऐसे में ताजा इजरायली रिपोर्ट ने एक बार फिर उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कौन हैं मोजतबा खामेनेई ?
मोजतबा खामेनेई, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के बेटे हैं। वह लंबे समय तक किसी औपचारिक सरकारी पद पर नहीं रहे, लेकिन ईरान के धार्मिक और राजनीतिक तंत्र में उनका प्रभाव माना जाता रहा है। पिता अली खामेनेई की मौत के बाद उन्हें ईरान के सर्वोच्च नेता की जिम्मेदारी मिली। अब उनकी सेहत को लेकर सामने आए दावों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।




