कैलिफोर्निया (अमेरिका) | 6 अगस्त 2026

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में दिवाली को आधिकारिक सरकारी अवकाश घोषित करने की योजना फिलहाल अटक गई है। राज्य की एक अदालत ने गवर्नर गेविन न्यूसम द्वारा मंजूर किए गए कानून के लागू होने पर अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत का यह फैसला एक करदाता संगठन की याचिका पर सुनवाई के बाद आया है।

क्या था गवर्नर का फैसला ?

पिछले वर्ष कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने एक विधेयक पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत दिवाली को राज्य का 12वां आधिकारिक अवकाश घोषित किया जाना था। इस कानून के लागू होने पर कुछ सरकारी कर्मचारियों और स्कूल स्टाफ को दिवाली पर सवेतन अवकाश मिल सकता था। साथ ही स्थानीय स्कूलों और कम्युनिटी कॉलेजों में भी छुट्टी घोषित किए जाने का रास्ता खुलता।

कोर्ट ने क्यों लगाई रोक ?

कानून लागू होने से पहले सैन फ्रांसिस्को टैक्सपेयर्स एसोसिएशन नामक करदाता संगठन ने अदालत में याचिका दायर कर इसका विरोध किया। संगठन ने दावा किया कि इस फैसले से राज्य पर करीब 6.88 करोड़ डॉलर (68.8 मिलियन डॉलर) का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। याचिका में यह भी कहा गया कि किसी एक धार्मिक पर्व को सरकारी अवकाश घोषित करना अमेरिकी संविधान की धार्मिक तटस्थता की भावना के विपरीत हो सकता है और इससे अन्य धार्मिक समुदायों के साथ भेदभाव का संदेश जा सकता है।

अदालत ने क्या कहा ?

सैक्रामेंटो की अदालत ने प्रारंभिक सुनवाई के बाद कानून के लागू होने पर अंतरिम रोक लगा दी। हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि राज्य सरकार चाहे तो ऐसा संशोधित कानून ला सकती है, जिसमें धार्मिक पहलू के बजाय दिवाली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को प्राथमिकता दी जाए।

भारतीय समुदाय ने जताई निराशा

अदालत के फैसले के बाद कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने निराशा व्यक्त की है। फेडरेशन ऑफ जैन एसोसिएशंस इन नॉर्थ अमेरिका के अध्यक्ष अतुल शाह ने कहा कि दिवाली को मान्यता देने का उद्देश्य किसी धर्म विशेष को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि दक्षिण एशियाई समुदाय के सांस्कृतिक योगदान का सम्मान करना था। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के कई अन्य राज्यों और शहरों में दिवाली को पहले से आधिकारिक मान्यता या अवकाश प्राप्त है, ऐसे में कैलिफोर्निया में इस कानून पर रोक लगना निराशाजनक है।

अन्य राज्यों में पहले से मिलती है मान्यता

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया और कनेक्टिकट जैसे राज्यों में दिवाली को आधिकारिक मान्यता मिल चुकी है। वहीं न्यूयॉर्क सिटी के सरकारी स्कूल दिवाली पर बंद रहते हैं और न्यू जर्सी में छात्रों को इस अवसर पर अवकाश लेने की अनुमति दी जाती है। फिलहाल, कैलिफोर्निया में दिवाली को सरकारी अवकाश घोषित करने की प्रक्रिया अदालत के अंतरिम आदेश के कारण रुकी हुई है। आगे की सुनवाई और राज्य सरकार की कानूनी रणनीति पर इस मामले का भविष्य निर्भर करेगा।