ढाका | 7 अगस्त 2026
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से दिए गए हालिया बयानों को लेकर वहां की मौजूदा सरकार ने नाराजगी जताई है। बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा उबैद इस्लाम ने भारत से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। उन्होंने कहा कि भारत को तय करना होगा कि वह भविष्य में बांग्लादेश के साथ किस तरह के संबंध रखना चाहता है। शेख हसीना ने पांच अगस्त को एक वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान बांग्लादेश की मौजूदा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद ढाका की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है।
शेख हसीना के बयान पर ढाका नाराज
विदेश राज्य मंत्री शमा उबैद ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को भारत की जमीन से बांग्लादेश के खिलाफ बयान देने की अनुमति मिलती है, तो इससे दोनों देशों के रिश्तों पर असर पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि भारत को अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए और यह बताना चाहिए कि वह बांग्लादेश के साथ किस तरह का रिश्ता चाहता है।
'भारत को अपना रुख साफ करना चाहिए'
शमा उबैद ने कहा कि बांग्लादेश और भारत के बीच लंबे समय से कई क्षेत्रों में सहयोग रहा है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जल बंटवारे और सीमा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर बातचीत जारी रहनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि बांग्लादेश समानता और आपसी सम्मान के आधार पर भारत के साथ संबंध बनाए रखना चाहता है। अब भारत पर सब कुछ निर्भर करता है।
अवामी लीग पर लगाया आरोप
बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर राजनीतिक आरोप भी लगाए हैं। शमा उबैद ने कहा कि उग्रवाद से जुड़े आरोप लगाना अवामी लीग की पुरानी राजनीतिक रणनीति रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी धरती से भी ऐसी राजनीति जारी रखने की कोशिश की जा रही है। यह दोनों देशों के संबंधों को प्रभावित कर सकता है।
भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर बढ़ी नजर
शेख हसीना के भारत में रहने और उनके बयानों के बाद दोनों देशों के कूटनीतिक रिश्तों पर नजर बनी हुई है। हालांकि बांग्लादेश सरकार ने कहा है कि वह बातचीत के रास्ते को खुला रखना चाहती है। शमा उबैद ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध केवल एक मुद्दे तक सीमित नहीं हैं और कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग जारी रहना चाहिए।
तारिक रहमान के भारत दौरे पर सस्पेंस
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर भी अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि बहुपक्षीय मंचों पर भागीदारी को लेकर फैसला कार्यक्रम और परिस्थितियों के आधार पर लिया जाएगा। फिलहाल शेख हसीना के बयान के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।




