ढाका, 17 अगस्त 2026 : भारत और बांग्लादेश के रिश्तों के बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के संभावित भारत दौरे को लेकर एक अहम बयान सामने आया है। भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने उम्मीद जताई है कि बांग्लादेशी प्रधानमंत्री जल्द ही नई दिल्ली का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मौजूद मुद्दों को बातचीत और उच्चस्तरीय बैठकों के जरिए जल्द ही सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत-बांग्लादेश के संबंधों को ठीक किया जा सकता है।

तारिक रहमान के भारत दौरे पर क्या बोले दिनेश त्रिवेदी ?

ढाका में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का भारत दौरा जल्द होगा। उन्होंने भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत जारी रखने पर जोर दिया। दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि दोनों देशों के सामने अपनी-अपनी चुनौतियां और मतभेद हैं, लेकिन इनका समाधान बातचीत के जरिए किया जा सकता है। उन्होंने भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक नया और बेहतर दौर शुरू होने की उम्मीद भी जताई।

‘मुद्दों को बातचीत से ही सुलझाया जा सकता है’

भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि भारत और बांग्लादेश दो संप्रभु देश हैं और दोनों के अपने हित एवं चुनौतियां हैं। लोकतंत्र में मतभेद और बहस होना स्वाभाविक है पर महत्वपूर्ण यह है कि समस्याओं को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच रिश्ते गहरे हैं और यही आपसी संबंध भविष्य में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने का आधार बन सकते हैं।

भारत-बांग्लादेश के बीच ‘सुनहरे अध्याय’ की उम्मीद

दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों को एक नए सुनहरे दौर में ले जाना है। उन्होंने दोनों देशों के बीच सम्मान, गरिमा और आपसी समझ को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश सिर्फ पड़ोसी देश नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच ऐतिहासिक और सामाजिक जुड़ाव भी है।

पीएम मोदी और तारिक रहमान की मुलाकात पर क्या बोले ?

भारतीय उच्चायुक्त ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को लोगों से जुड़ा हुआ नेता बताया। उन्होंने कहा कि जब दोनों देशों के ऐसे नेता आपस में मिलकर बातचीत करते हैं, तो किसी भी मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है और समाधान तलाशा जा सकता है। उनके बयान को दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवाद को आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

बांग्लादेश ने दौरे को लेकर क्या कहा ?

तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर बांग्लादेश की ओर से भी संकेत सामने आए हैं। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय का कहना है कि अनुकूल वातावरण बनने के बाद ही प्रधानमंत्री भारत का दौरा करेंगे। ऐसे में भारतीय उच्चायुक्त का बयान दोनों देशों के बीच संभावित उच्चस्तरीय बातचीत को लेकर अहम माना जा रहा है। फिलहाल तारिक रहमान के भारत दौरे की तारीख सामने नहीं आई है। दोनों देशों के बीच बातचीत और कूटनीतिक संपर्क के जरिए आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है।