गाजियाबाद, 27 सितंबर। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में करीब 26 करोड़ रुपये की कथित क्रिप्टो धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी कंपनियों और वेबसाइट के जरिए निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का लालच दिया गया। इसके बाद दुबई में कंपनी का ऑफिस दिखाकर भरोसा बढ़ाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

क्रिप्टो और फॉरेक्स कारोबार का दिया भरोसा

शिकायत देहरादून निवासी और एम्स ऋषिकेश के सलाहकार दिनेश कुमार शर्मा ने की है। उनके मुताबिक मार्च 2020 में उनकी मुलाकात देव बांगड़ से हुई थी। बाद में फरवरी 2021 में कुरुक्षेत्र के एक रिजॉर्ट में हैप्पी शेख और रविंदर सिंह उर्फ रविंद्र बांगड़ ने लग्जरी ट्रांसपोर्ट के साथ क्रिप्टो, फॉरेक्स ट्रेडिंग और डिजिटल एसेट्स में कारोबार की जानकारी दी।

वेबसाइट पर दिखाया जाता था रिटर्न

शिकायत के अनुसार, दिनेश ने गाजियाबाद में नसीब को तीन लाख रुपये दिए। इसके बाद निवेशकों के लिए एलपीएनटी नाम की वेबसाइट पर खाते बनाए गए। इन खातों में हर महीने रिटर्न दिखाया जाता था, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता गया।

दिसंबर 2021 में ‘द सोइल्वर्स’ नाम से एक नई कंपनी बनाए जाने का भी आरोप है। निवेशकों को दुबई ले जाकर कंपनी का ऑफिस दिखाया गया। इसके बाद कई लोगों ने अपना निवेश और बढ़ा दिया।

वेबसाइट और ऐप बंद होने के बाद खुला मामला

आरोप है कि मई 2025 के बाद कंपनी की वेबसाइट और ऐप बंद हो गए। निवेशकों का डेटा हटने की बात भी शिकायत में कही गई है। रकम वापस मांगने पर धमकी देने और कुछ लोगों को सुनसान जगह ले जाकर हथियारों के बल पर डराने के आरोप भी लगाए गए हैं।

छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज

सिहानी गेट थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और Prize Chits and Money Circulation Schemes (Banning) Act, 1978 के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में सतीश कुमार उर्फ मोस्त्रा, हैप्पी शेख, रविंदर सिंह उर्फ रविंद्र बांगड़, देव बांगड़, धर्म सिंह रंधावा और नसीब शामिल हैं। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।