नई दिल्ली, 20 सितंबर। शाम के समय हल्की भूख लगने पर बर्गर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। लेकिन हर बार बाहर से बर्गर ऑर्डर करने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कुछ आसान सामग्री से आप कम समय में स्वादिष्ट बर्गर तैयार कर सकते हैं। यहां पांच ऐसी इंस्टेंट बर्गर रेसिपी हैं, जिन्हें शाम के स्नैक के तौर पर ट्राई किया जा सकता है।
1. क्लासिक आलू टिक्की बर्गर
आलू टिक्की बर्गर सबसे आसान और पसंदीदा विकल्पों में से एक है। इसके लिए उबले आलू में मटर, नमक, गरम मसाला और बारीक कटी हरी मिर्च मिलाकर टिक्की बना लें। इसे तवे पर थोड़ा तेल डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें। बर्गर बन को हल्का सेंककर उसमें सॉस या मयोनीज लगाएं। फिर टिक्की, प्याज और टमाटर रखकर बन बंद कर दें।
2. क्रीमी चीज वेजी बर्गर
क्रीमी और चीज वाला स्वाद पसंद करने वालों के लिए यह बर्गर अच्छा विकल्प है। खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च और उबले कॉर्न को मयोनीज, नमक और काली मिर्च के साथ मिलाएं। इसे बटर लगे बन पर फैलाएं और ऊपर चीज स्लाइस रखें। तवे पर करीब एक मिनट गर्म करने से चीज हल्का पिघल जाएगा।
3. प्रोटीन वाला पनीर बर्गर
पनीर बर्गर को झटपट तैयार किया जा सकता है। पनीर के मोटे टुकड़ों पर नमक, लाल मिर्च और चाट मसाला लगाकर तवे पर हल्का सेकें। बन पर हरी चटनी और मयोनीज लगाकर पनीर रखें। ऊपर प्याज के छल्ले और पत्तागोभी डालकर सर्व करें।
4. कॉर्न चीज बर्गर
उबले कॉर्न में थोड़ा चीज, मयोनीज, नमक और काली मिर्च मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इसे टोस्ट किए हुए बन में भरें और तवे पर कुछ मिनट गर्म करें। बच्चों के लिए यह आसान स्नैक बन सकता है।
5. मसाला वेज बर्गर
बची हुई सब्जियों को मैश करके उसमें मसाले मिलाएं और छोटी टिक्की बनाएं। इसे तवे पर सेंककर बन में रखें। ऊपर प्याज, टमाटर और हरी चटनी डालें। इस तरह कम समय में घर पर स्वादिष्ट बर्गर तैयार हो जाएगा।




