नई दिल्ली, 24 सितंबर। आज भी बहुत से लोग गाने, पॉडकास्ट सुनने या फोन पर बात करने के लिए वायर वाले ईयरफोन का इस्तेमाल करते हैं। इन ईयरफोन में सबसे ज्यादा परेशानी उनकी तार को लेकर होती है। जेब या बैग में रखते ही तार आपस में उलझ जाती है और जरूरत पड़ने पर उसे सुलझाने में काफी समय लग जाता है। कई बार जल्दबाजी में तार खींचने से ईयरफोन खराब होने का खतरा भी रहता है।

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो ईयरफोन को सीधे जेब में डालने के बजाय उसे सही तरीके से रखने की आदत डालें। कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से तार को लंबे समय तक व्यवस्थित रखा जा सकता है।

फिगर-8 तरीके से लपेटें तार

ईयरफोन की तार को उलझने से बचाने के लिए फिगर-8 तरीका काफी आसान है। दो उंगलियों को थोड़ा अलग रखें और तार को उनके चारों ओर आठ के आकार में लपेटें। अंत में बची तार को बीच में लपेटकर जैक को बने हुए लूप में फंसा दें। इससे तार खुलकर इधर-उधर नहीं घूमेगी।

फोन के साथ रखें ईयरफोन

अगर आप ईयरफोन को हमेशा मोबाइल के साथ रखते हैं, तो तार को फोन के चारों ओर हल्के हाथ से लपेट सकते हैं। इससे दोनों चीजें एक साथ रहेंगी और तार के उलझने की संभावना कम होगी। हालांकि, तार को बहुत कसकर लपेटने से बचें।

बाइंडर क्लिप आएगी काम

एक छोटी बाइंडर क्लिप भी ईयरफोन को व्यवस्थित रखने में मदद कर सकती है। तार को हल्के तरीके से लपेटने के बाद क्लिप से पकड़ लें। इसे बैग की जेब या स्ट्रैप से भी लगाया जा सकता है।

पुराने कार्ड से बनाएं होल्डर

घर में पड़े पुराने प्लास्टिक कार्ड से भी ईयरफोन होल्डर बनाया जा सकता है। कार्ड में छोटे स्लॉट बनाकर दोनों ईयरबड्स को उनमें फंसाएं। फिर तार को कार्ड के चारों ओर लपेटकर जैक को आखिरी स्लॉट में लगा दें। इससे ईयरफोन आसानी से सुरक्षित रहेगा।

उलझी तार को जोर से न खींचें

अगर तार पहले से उलझ गई है, तो उसे जोर से खींचने के बजाय एक-एक गांठ धीरे-धीरे खोलें। ईयरफोन को पहले फोन से अलग कर लें और किसी समतल जगह पर रखकर तार सुलझाएं। जल्दबाजी में खींचने से अंदर की वायरिंग को नुकसान पहुंच सकता है।