रामगढ़, 11 अगस्त 2026। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) 2026 को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत चल रहे कार्यों और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी गई।

उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि SIR 2026 का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। पात्र नागरिकों को नाम जोड़ने, मतदाता विवरण में सुधार कराने और जरूरत के अनुसार मतदान केंद्र परिवर्तन की सुविधा दी जा रही है।

15 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा

उपायुक्त ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा आयोजित होगी। इसमें नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दी जाएगी और उन्हें अपने नाम एवं अन्य विवरण की जांच के लिए जागरूक किया जाएगा। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित बीएलओ से संपर्क करने की अपील की गई है।

22-23 अगस्त को लगेगा विशेष कैंप

मतदाताओं की सुविधा के लिए 22 और 23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। यहां पात्र नागरिक नाम जोड़ने, विवरण में सुधार और मतदान केंद्र परिवर्तन सहित अन्य कार्यों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

युवाओं के निबंधन पर विशेष जोर

जिले के विद्यालयों में हेल्प डेस्क मैनेजर के माध्यम से कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें उन छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जा रहा है, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं।

नाम नहीं है तो फॉर्म-6 से करें आवेदन

5 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक प्रपत्र-6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ के पास जमा करने के साथ ECINET App या voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।

वहीं, मतदान केंद्र परिवर्तन के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। बीएलओ द्वारा जिले में घर-घर जाकर House to Roll Verification का कार्य भी किया जा रहा है।

उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदाता विवरण की जांच करें और 15 अगस्त की ग्राम सभा तथा 22-23 अगस्त के विशेष कैंप में भाग लेकर मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में सहयोग करें। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।