जामताड़ा | 11 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जामताड़ा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य समारोह स्थल पर होने वाली तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली।

साफ-सफाई और मंच निर्माण पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान गांधी मैदान में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, मंच निर्माण, सीटिंग अरेंजमेंट, परेड, पार्किंग और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया गया। उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने समारोह स्थल की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही आम लोगों और अतिथियों की सुविधा को देखते हुए बैठने और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की भी समीक्षा

पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दिन गांधी मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

समन्वय के साथ काम करने का निर्देश

डीसी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तैयारियों को अंतिम समय तक लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया।

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, एसडीपीओ, जामताड़ा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, सार्जेंट मेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम जारी है।