रामगढ़ | 11 अगस्त 2026

रामगढ़ जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे जनता दरबार का सकारात्मक असर सामने आया है। जनता दरबार में प्राप्त एक आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 30 वर्षों से जमीन की रसीद नहीं कट पाने की समस्या का समाधान कर दिया गया। रसीद जारी होने के बाद आवेदक गंगा साव ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।

जनता दरबार में उपायुक्त के सामने रखा था मामला

गोला प्रखंड की दभातु पंचायत के कोचलाटांड़ निवासी गंगा साव ने जनता दरबार में उपायुक्त ऋतुराज के समक्ष आवेदन देकर अपनी समस्या बताई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी जमीन की रसीद करीब तीन दशक से निर्गत नहीं हो पा रही थी। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

अंचल स्तर पर कार्रवाई के बाद जारी हुई रसीद

उपायुक्त के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। जमीन की रसीद निर्गत करने में आ रही अड़चनों का निराकरण किया गया। इसके बाद अंचल अधिकारी की ओर से गंगा साव की जमीन की रसीद जारी कर दी गई।

करीब 30 वर्षों से लंबित समस्या के समाधान के बाद गंगा साव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही परेशानी खत्म होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उपायुक्त ऋतुराज और पूरे जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।

जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी जायज समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश लगातार जारी है।