रामगढ़ | 10 अगस्त 2026

झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से सोमवार को रामगढ़ फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 19 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की।

700 से अधिक युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

रोजगार मेले में अलग-अलग कंपनियों में नौकरी पाने के लिए 700 से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और संबंधित पद की आवश्यकताओं के आधार पर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। एक ही स्थान पर कई कंपनियों के मौजूद रहने से युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के विकल्प तलाशने का अवसर मिला।

164 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 120 का चयन

आवेदन और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के बाद कुल 164 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इनमें से करीब 120 युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयन की जानकारी मिलने के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला।

आयोजकों के अनुसार, रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ना और उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

8 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान चयनित 8 अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

युवाओं से रोजगार मेलों में शामिल होने की अपील

कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी धनंजय कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता और विधायक प्रतिनिधि संजय साहू समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और जिले के अन्य युवाओं से भी ऐसे रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को निजी कंपनियों से सीधे जोड़ने और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।