हजारीबाग | 8 अगस्त 2026
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से कथित तौर पर जुड़े संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
मोबाइल जांच में टेलीग्राम चैट मिलने का दावा
पुलिस के मुताबिक, मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें टेलीग्राम के जरिए प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों से बातचीत के साक्ष्य मिलने की बात कही गई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने साथियों के साथ गोलीबारी करने और गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की बात बताई।
बंद गैस प्लांट के पास हथियार छिपाने की बात
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम पिपराडीह के पास बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान आरोपी ने एक जवान को धक्का देकर पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोली चलाने और भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।
पिस्तौल, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद करने की जानकारी दी है।
एसपी ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग करने वाले प्रिंस खान गिरोह से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में गिरोह के नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




