धनबाद | 10 अगस्त 2026

धनबाद के हीरापुर स्थित झारखंड मैदान के रहने वाले अहान सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की CDS-2 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। अपने पहले प्रयास में SSB क्लियर करते हुए उन्होंने ऑल इंडिया 189वीं रैंक हासिल की। इसके साथ ही उनका चयन चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) के लिए हुआ है। अहान की इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे धनबाद में खुशी का माहौल है।

NCC से शुरू हुआ था देश सेवा का सफर

अहान ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई के दौरान NCC से जुड़कर देश सेवा का सपना मजबूत किया। सेना में जाने की इच्छा के साथ उन्होंने CDS की तैयारी शुरू की। लेकिन सफलता की राह में उन्हें बेहद कठिन परिस्थिति का सामना करना पड़ा।

पहले SSB के दौरान मिली पिता के निधन की खबर

अहान 25 दिसंबर को अपने पहले SSB इंटरव्यू के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पिता के निधन की दुखद सूचना मिली। पिता के अंतिम संस्कार के लिए उन्हें चयन प्रक्रिया बीच में छोड़कर घर लौटना पड़ा। इस सदमे के बावजूद अहान ने हिम्मत नहीं हारी और पिता के सपने को अपनी ताकत बना लिया।

दोगुनी मेहनत से हासिल किया मुकाम

पिता के निधन के बाद अहान ने दोबारा तैयारी शुरू की और अनुशासन के साथ परीक्षा व SSB प्रक्रिया पूरी की। आखिरकार मेरिट लिस्ट में AIR 189 हासिल कर उन्होंने सेना में अधिकारी बनने की दिशा में कदम बढ़ाया।

अहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दिवंगत पिता को देते हुए कहा कि इंडियन आर्मी उनकी पहली पसंद थी। उन्होंने अपनी मां, छोटे भाई, मामा और मौसी के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

मां बोलीं- खुशी है, लेकिन पापा की कमी खलेगी

अहान की मां राखी सिंह ने कहा कि परिवार इस उपलब्धि से बेहद खुश है, लेकिन इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए अहान के पिता और दादा आज साथ नहीं हैं। उन्होंने बताया कि परिवार ने लंबे समय तक मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन अहान ने पढ़ाई और लक्ष्य से अपना ध्यान नहीं हटने दिया।