धनबाद | 10 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस से पहले धनबाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में RPF और CIB की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन NARCOS के तहत टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के कालका छोर से एक युवक को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।

बैग की तलाशी में मिले गांजे के छह पैकेट

RPF के अनुसार, टीम स्टेशन पर गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर जा रहे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर बैग से गांजे के छह पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर कुल 6 किलो 180 ग्राम गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है।

गिरिडीह का रहने वाला है आरोपी

पूछताछ में आरोपी की पहचान 28 वर्षीय गणेश सिंह के रूप में हुई है। वह गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। उसके पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

हजारीबाग रोड स्टेशन तक पहुंचानी थी खेप

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त दीपक कुमार ने उसे गांजे की खेप धनबाद से हजारीबाग रोड स्टेशन तक पहुंचाने के लिए दी थी। वहां गांजा किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था और इसके बदले उसे 5 हजार रुपये मिलने थे। पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है।

NDPS Act में मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच तेज

राजपत्रित अधिकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में बरामद गांजे को जब्त किया गया। RPF की शिकायत पर GRPS धनबाद में कांड संख्या 151/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B)/29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस और RPF गांजे की खेप के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।