रांची, 5 अगस्त 2026 : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JPSC विवाद और अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जांच पूरी होने के बाद छात्रों को न्याय मिलेगा। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार के पास पूरे मामले की जानकारी है और वह हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि हर बात को तुरंत सार्वजनिक करना संभव नहीं होता, लेकिन सरकार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। हेमंत सोरेन ने कहा, "हम कितनी गंभीरता के साथ चीजों को देख रहे हैं, यह सीना चीरकर नहीं दिखा सकते हैं। लेकिन जिस विषय के पीछे हम विशेष रूप से पड़ते हैं, उसे ठीक करके ही दम लेते हैं।"
जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि JPSC मामले की जांच में लगी एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। सरकार जांच दल की रिपोर्ट और निष्कर्ष का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की जानकारी छात्रों और राज्य की जनता के सामने रखी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
छात्रों के आंदोलन पर सरकार की नजर
JPSC अभ्यर्थियों द्वारा लगातार किए जा रहे आंदोलन को लेकर सीएम ने कहा कि छात्रों की मांगों को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा यह मामला महत्वपूर्ण है और छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन इस मुद्दे पर पूरी तरह संवेदनशील हैं। सरकार समाधान निकालने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
शिबू सोरेन की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे थे सीएम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को रामगढ़ के नेमरा पहुंचे थे, जहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने JPSC मामले पर अपनी बात सामने रखी और छात्रों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।




