रांची, 5 अगस्त 2026।

JPSC-JSSC समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड सरकार ने बातचीत की पहल की है। मुख्यमंत्री आवास से छात्रों तक संदेश पहुंचाया गया है कि सरकार पांच सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करने के लिए तैयार है। झारखंड सरकार की ओर से रांची के एसडीओ कुमार रजत आंदोलन स्थल पर पहुंचे और छात्रों को सरकार का संदेश दिया।

सरकार बोली- पांच लोगों के प्रतिनिधिमंडल से होगी बातचीत

एसडीओ कुमार रजत ने छात्रों से कहा कि सरकार उनकी मांगों और समस्याओं पर चर्चा करने के लिए तैयार है। इसके लिए छात्रों से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तय करने को कहा गया है, जो सरकार के साथ बातचीत करेगा।

छात्रों ने रखी खुली बातचीत की मांग

सरकार के प्रस्ताव पर छात्रों ने बातचीत के लिए सहमति जताई, लेकिन उन्होंने अपनी शर्त भी रख दी। छात्रों का कहना है कि बातचीत बंद कमरे में नहीं होगी। आंदोलनरत छात्रों ने मांग की है कि सरकार के साथ होने वाली वार्ता मीडिया की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से होनी चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।

शाम तक फैसला लेने की तैयारी

छात्रों ने बताया कि सरकार के प्रस्ताव पर आंदोलन स्थल पर चर्चा की जा रही है। शाम पांच से छह बजे के बीच अंतिम निर्णय लेकर सरकार को जवाब देने की बात कही गई है।

सीएम हेमंत सोरेन बोले- सरकार के दरवाजे खुले हैं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी छात्रों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी की बात सुनने के लिए तैयार है और संवाद के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। सीएम ने कहा कि छात्रों की मांगें सरकार तक पहुंच रही हैं और हर विषय को गंभीरता से देखा जा रहा है।

अब वार्ता पर टिकी निगाहें

फिलहाल आंदोलन स्थल पर छात्रों की बैठक जारी है। अब देखना होगा कि सरकार और छात्रों के बीच प्रस्तावित बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या आंदोलन का समाधान निकल पाता है।