हजारीबाग, 5 अगस्त 2026।
अवैध कोयला खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ CISF इकाई, NTPC-CMP हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान चलाकर बड़कागांव क्षेत्र के ग्राम लकूरा में संचालित चार अवैध रैट-होल कोयला खदानों को बंद करा दिया गया। यह कार्रवाई उप कमांडेंट श्री सुरेश जी के निर्देशन में की गई। CISF ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध खनन, कोयला तस्करी और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
जंगल के बीच चल रही थीं अवैध खदानें
CISF टीम ने बड़कागांव क्षेत्र के लकूरा गांव के जंगल और घनी झाड़ियों के बीच अवैध रूप से संचालित चार रैट-होल खदानों का पता लगाया। जांच के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से इन खदानों को तोड़कर पूरी तरह बंद कर दिया गया। इसके साथ ही कार्रवाई के बाद मौके पर चल रही अवैध खनन गतिविधियों को भी तत्काल रोक दिया गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि ये अवैध खनन गतिविधियां किसी संगठित कोयला तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती हैं। CISF अब इसमें शामिल लोगों, परिवहन साधनों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
CISF ने अपनाई जीरो टॉलरेंस नीति
CISF ने कहा है कि अवैध कोयला खनन और तस्करी राष्ट्रीय संपत्ति के खिलाफ गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाए जाएंगे। CISF ने यह भी बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।




