हजारीबाग | 8 अगस्त 2026

हजारीबाग के बड़कागांव स्थित एनटीपीसी पकरी-बरवाडीह कोयला खदान ने खनन क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय के कोयला नियंत्रक कार्यालय (CCO) की ओर से देश की चुनिंदा ओपनकास्ट कोयला खदानों को दी गई 5-स्टार रेटिंग में पकरी-बरवाडीह खदान को लगातार दूसरी बार देश में पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि से एनटीपीसी परिवार में उत्साह का माहौल है।

सुरक्षित और जिम्मेदार खनन के लिए सम्मान

पकरी-बरवाडीह में एनटीपीसी की ओर से कोयला उत्खनन किया जा रहा है। यहां से निकलने वाला कोयला देश के विभिन्न ऊर्जा संयंत्रों तक पहुंचता है। 5-स्टार रेटिंग खदान की सुरक्षा व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, सतत खनन, तकनीकी प्रबंधन और बेहतर कार्यप्रणाली के आधार पर दी जाती है।

लगातार दूसरी बार देश में पहला स्थान

अधिकारियों के अनुसार, पकरी-बरवाडीह खदान का लगातार दूसरे वर्ष देश की 5-स्टार रेटिंग वाली खदानों में शीर्ष स्थान पर रहना सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल खनन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।

एनटीपीसी के अपर महाप्रबंधक, खनन चंद्रशेखर के अनुसार, कंपनी देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि पकरी-बरवाडीह में आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए खनन किया जा रहा है।

त्रिवेणी सैनिक कर रही कोयला उत्खनन

पकरी-बरवाडीह परियोजना में त्रिवेणी सैनिक माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड कोयला उत्खनन का काम करती है। परियोजना के सीईओ संजय कुमार खटोर के अनुसार, 5-स्टार रेटिंग सुरक्षित, बेहतर और जिम्मेदार खनन व्यवस्था का प्रमाण है। खदान में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीकी प्रबंधन पर लगातार काम किया जा रहा है।

कोयला नियंत्रक कार्यालय हर वर्ष देश की कोयला और लिग्नाइट खदानों का मूल्यांकन करता है। ऐसे में पकरी-बरवाडीह को लगातार दूसरी बार 5-स्टार रेटिंग मिलना हजारीबाग और झारखंड के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।