नई दिल्ली, 15 अगस्त 2026 : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में कथित असंसदीय और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में नोटिस जारी किया गया है। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांगा है। उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए 28 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया है।
अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी से जवाब तलब
मामला संसद में प्रश्नपत्र लीक विरोधी विधेयक पर हुई चर्चा के दौरान राहुल गांधी की कथित टिप्पणियों से जुड़ा है। भाजपा सांसद संजय जायसवाल और अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिस में दोनों सांसदों की शिकायतों की प्रतियां राहुल गांधी को भेजी गई हैं। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने उनसे इस मामले में अपना जवाब और टिप्पणी लोकसभा अध्यक्ष के विचारार्थ उपलब्ध कराने को कहा है।
संजय जायसवाल ने की थी कार्रवाई की मांग
भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने 29 जुलाई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणी को लेकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शिकायत को विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया गया। जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सांसद की गरिमा और संसद की मर्यादा के उल्लंघन का मुद्दा उठाया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि विशेषाधिकार समिति मामले में उचित कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में संसद की गरिमा और मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं को रोका जा सके।
अनुराग ठाकुर ने भी दर्ज कराई शिकायत
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ अलग शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। अनुराग ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने ऐसे गंभीर आरोप लगाए, जिनकी पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने इसे सदन के नियमों के खिलाफ बताते हुए मामले को विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना से जोड़ा।
28 अगस्त तक देना होगा जवाब
लोकसभा विशेषाधिकार समिति के संयुक्त सचिव की ओर से भेजे गए पत्र में राहुल गांधी से दोनों शिकायतों पर अपना जवाब या टिप्पणी देने को कहा गया है। इसके लिए 28 अगस्त 2026 तक की समय सीमा तय की गई है। अब राहुल गांधी की ओर से दिए जाने वाले जवाब के बाद समिति मामले में आगे की कार्रवाई पर विचार कर सकती है।
राहुल गांधी ने क्या कहा था ?
बताया गया है कि दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के संदर्भ में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी की थी। हालांकि राहुल गांधी की कुछ टिप्पणियों को बाद में सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था। इसके बाद राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्रों पर कथित कार्रवाई को लेकर अमित शाह पर निशाना साधा और उनके इस्तीफे की मांग की थी।




