नई दिल्ली/पटना, 4 अगस्त 2026: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की हार के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। अब एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने भी इस नतीजे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि क्या देश की राजनीति में बदलाव की आहट शुरू हो गई है ? गीतांजलि अंगमो ने बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत और बीजेपी की हार को लेकर लिखा, "क्या हवा का रुख बदल रहा है? क्या आखिरकार अच्छे दिन आने वाले हैं?" उन्होंने कहा कि एक चुनावी नतीजा किसी क्रांति का संकेत नहीं होता, लेकिन कई बार छोटी-सी दरार यह दिखाती है कि अंदर कुछ बदलाव जरूर हो रहा है।

'पहले इस्तीफा, फिर बांकीपुर में हार'

गीतांजलि अंगमो ने अपने पोस्ट में लिखा कि पहले जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद एक इस्तीफा हुआ और अब प्रशांत किशोर ने बीजेपी के लंबे समय से मजबूत गढ़ बांकीपुर में जीत दर्ज की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत अब राजनीति के नए तरीके और नए समीकरणों की मांग कर रहा है ?

30 साल पुराने BJP गढ़ में PK का बड़ा उलटफेर

बांकीपुर विधानसभा सीट को लंबे समय से बीजेपी का अभेद्य किला माना जाता रहा है। 1995 से लगातार बीजेपी यहां चुनाव जीतती रही थी। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी नेता नितिन नवीन ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की थी। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई और उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार को हार का सामना करना पड़ा। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस सीट पर जीत दर्ज कर बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है।

सोनम वांगचुक के आंदोलन से भी जुड़ी रही हैं गीतांजलि

गीतांजलि अंगमो अपने पति और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ कई सामाजिक आंदोलनों में सक्रिय रही हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में भी उनकी भागीदारी रही थी। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे के बाद उनका बयान अब बिहार की राजनीति में नए समीकरणों और बदलते राजनीतिक माहौल को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।