नगांव (असम), 4 अगस्त। असम के नगांव जिले में स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक कैंप में मंगलवार को फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। कटीमारी स्थित CRPF की 34वीं बटालियन के कैंप में एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने कथित तौर पर अपने साथियों पर गोली चला दी। इस घटना में दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ASI ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

CRPF कैंप में अचानक चली गोलियां

अधिकारियों के मुताबिक, घटना कटीमारी स्थित CRPF कैंप परिसर में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ASI/जीडी बल्लानी प्रेमाबरम ने कैंप में मौजूद जवानों पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि आरोपी ASI पहले मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात था। बाद में वह गार्ड रूम पहुंचा, जहां से उसने INSAS राइफल ली और फायरिंग शुरू कर दी।

दो जवानों की मौके पर मौत

पुलिस के अनुसार, ASI ने सबसे पहले हेड कांस्टेबल (एचवी/जीडी) विष्णु प्रसाद बघेल पर गोली चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने दस्तावेज सत्यापन के लिए कैंप पहुंचे सब-इंस्पेक्टर (SI/जीडी) रामनवल सिंह यादव को निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल यादव ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फायरिंग में ASI माने गोविंद श्रीपुल भी घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फायरिंग के बाद ASI ने खुद को मारी गोली

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ASI प्रेमाबरम 171वीं बटालियन की बैरक की ओर गया और उसी INSAS राइफल से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान

इस घटना में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  • ASI/जीडी बल्लानी प्रेमाबरम
  • SI/जीडी रामनवल सिंह यादव
  • हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल

वहीं घायल जवान गोविंद श्रीपुल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के कारणों की जांच जारी

फायरिंग की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही CRPF के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ASI ने इस तरह का कदम क्यों उठाया और फायरिंग के पीछे क्या कारण थे। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।