नई दिल्ली, 4 अगस्त। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। घटना के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आने से कई यात्रियों को चोटें लगीं। हालांकि विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों व क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एयर इंडिया ने क्या कहा ?

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी कर बताया कि फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को कुछ समय के लिए तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव हुआ। एयरलाइन के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया और जिन यात्रियों व क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं, उन्हें तत्काल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।

यात्री ने सुनाई डरावनी आपबीती

फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने घटना को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि उड़ान को करीब डेढ़ घंटा हुआ था और अधिकांश यात्री सो रहे थे। इसी दौरान विमान अचानक तेज झटकों के साथ नीचे-ऊपर होने लगा और कुछ मिनट तक स्थिति बेहद डरावनी बनी रही। यात्री के मुताबिक, कई लोगों के सिर, पीठ और कंधे में चोटें आईं। उन्होंने दावा किया कि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी लगीं और कई परिवारों के छोटे बच्चे भी इस दौरान घायल हुए।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

घटना के बाद कुछ यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उनका कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। हालांकि एयर इंडिया का कहना है कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि इससे पहले जून 2026 में दिल्ली से रायपुर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का शिकार हुई थी। उस घटना में विमान सुरक्षित उतार लिया गया था और कोई यात्री घायल नहीं हुआ था।