नई दिल्ली/काठमांडू, 18 अगस्त 2026 : नेपाल के पोखरा से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रिटायर्ड गोरखा सैनिक भारत का तिरंगा फहराते और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाते नजर आ रहे हैं। भारत के प्रति गोरखा सैनिकों के इस सम्मान की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। भारत में लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। हालांकि वीडियो कब और किस कार्यक्रम के दौरान बनाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। यह वीडियो गोरखा सैनिकों का भारतीय तिरंगा के प्रति प्रेम को दिखाता है।
पोखरा में गोरखा सैनिकों ने फहराया तिरंगा
वायरल वीडियो नेपाल के पोखरा का बताया जा रहा है। इसमें भारतीय सेना में सेवा दे चुके रिटायर्ड गोरखा सैनिक भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराते दिखाई देते हैं। इसके बाद सैनिकों ने ‘जन गण मन’ भी गाया और तिरंगे को सलामी दी। वीडियो को कारगिल युद्ध में हिस्सा ले चुके और शौर्य चक्र से सम्मानित मेजर राकेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। इसके बाद यह वीडियो तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो को स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन वीडियो की तारीख और मौके की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय सेना से गोरखा सैनिकों का पुराना रिश्ता
नेपाल के गोरखा सैनिक दशकों से भारतीय सेना का हिस्सा रहे हैं। भारतीय सेना की विभिन्न गोरखा रेजिमेंट में नेपाली नागरिकों की भर्ती होती रही है। भारत, नेपाल व ब्रिटेन के बीच 1947 में हुई त्रिपक्षीय व्यवस्था के बाद यह सैन्य परंपरा आगे बढ़ी। अग्निपथ योजना लागू होने के बाद नेपाली गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती को लेकर स्थिति बदल गई। इसके बावजूद नेपाल में भारतीय सेना में भर्ती की इच्छा रखने वाले युवाओं व पूर्व सैनिकों की ओर से यह मुद्दा लगातार उठाया जाता रहा है।
भारतीय सेना प्रमुख को नेपाल में मिला बड़ा सम्मान
इसी बीच भारत और नेपाल के बीच सैन्य संबंधों को लेकर एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सोमवार को भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के जनरल की मानद रैंक प्रदान की। काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। भारत और नेपाल के बीच एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद जनरल रैंक देने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।
भारत-नेपाल के सैन्य संबंधों की खास परंपरा
भारतीय और नेपाली सेनाओं के बीच सिर्फ औपचारिक रिश्ते ही नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से सैन्य प्रशिक्षण, आदान-प्रदान और पेशेवर सहयोग भी जारी है। गोरखा सैनिकों की भारतीय सेना में लंबे समय से मौजूदगी इस विशेष संबंध का अहम हिस्सा रही है। ऐसे में पोखरा से सामने आया तिरंगे और ‘जन गण मन’ का वीडियो एक बार फिर भारत-नेपाल की ऐतिहासिक सैन्य दोस्ती और गोरखा परंपरा को चर्चा में ले आया है।




