नई दिल्ली, 17 अगस्त 2026 : सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए ‘मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट’ को लेकर बहस एकबार फिर तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस समझौते की तारीफ की, जिसके बाद पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर गौरव आर्य ने उनके पोस्ट पर सवाल उठाते हुए तंज कसा है। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक बड़ा सवाल पूछ दिया है।

ट्रंप ने मक्का समझौते को बताया बड़ा कदम

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए रक्षा समझौते का स्वागत किया। उन्होंने इसे पश्चिम एशिया के एकजुट होने और तीनों देशों की सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में ‘बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण पहला कदम’ बताया। ट्रंप ने तीनों देशों के नेतृत्व को बधाई देते हुए समझौते को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

ट्रंप के पोस्ट पर मेजर गौरव आर्य का तंज

ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सैन्य अधिकारी गौरव आर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनका पोस्ट शेयर किया। उन्होंने ट्रंप के बयान को लेकर सवालिया अंदाज में लिखा कि अगर मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट को अमेरिका और ट्रंप का समर्थन हासिल है, तो आखिर इन देशों को किससे सुरक्षा की जरूरत है ? गौरव आर्य की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर इस समझौते को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

क्या है मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट ?

सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुआ यह रक्षा समझौता तीनों देशों के बीच सुरक्षा और सैन्य सहयोग को मजबूत करने से जुड़ा है। समझौते के बाद पश्चिम एशिया और आसपास के रणनीतिक क्षेत्र में इसके संभावित असर को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। खास तौर पर पाकिस्तान और तुर्किये के बीच बढ़ते रक्षा संबंध तथा सऊदी अरब के साथ उनके रणनीतिक सहयोग को देखते हुए इस समझौते को क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत के लिए क्यों अहम है यह समझौता ?

सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच बढ़ता रक्षा सहयोग भारत के लिए भी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। पाकिस्तान और तुर्किये पहले से रक्षा क्षेत्र में सहयोग करते रहे हैं। ऐसे में सऊदी अरब के इस समीकरण में शामिल होने से पश्चिम एशिया और दक्षिण एशिया की रणनीतिक राजनीति पर असर पड़ने की संभावना को लेकर विशेषज्ञों के बीच चर्चा हो रही है। हालांकि, इस समझौते का वास्तविक स्वरूप, इसकी व्यावहारिक सैन्य प्रतिबद्धताएं और लंबे समय में इसका क्षेत्रीय सुरक्षा पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।