नई दिल्ली, 15 अगस्त 2026 : 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए विकसित भारत @2047 का विजन सामने रखा। पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत, सेमीकंडक्टर, AI, डेटा सेंटर, ऊर्जा सुरक्षा, डिफेंस, मैन्युफैक्चरिंग और युवाओं की भूमिका को देश के भविष्य की अहम ताकत बताया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत को छोटे सपनों से आगे बढ़कर बड़े लक्ष्य तय करने होंगे। उन्होंने देशवासियों से मजबूत संकल्प और तेज गति के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
‘2047 तक विकसित भारत’ का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य तय किया है। उनके मुताबिक, आने वाले वर्षों में देश की युवा शक्ति, किसान, मजदूर, महिलाएं और उद्यमी इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले 5-7 साल में उन कामों को पूरा करने का प्रयास होना चाहिए, जिनमें पिछले कई दशकों में अपेक्षित गति नहीं आ सकी।
‘शक्ति की सप्त धारा’ से बदलेगा भारत
प्रधानमंत्री ने देश के विकास के लिए ‘शक्ति की सप्त धारा’ का आह्वान किया। इसमें मैन्युफैक्चरिंग, कृषि और खाद्य उत्पादन, टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन, गति शक्ति, रक्षा, ग्रीन एवं ब्लू इकॉनमी और भारत की सॉफ्ट पावर को शामिल किया गया। सरकार का फोकस इन सात क्षेत्रों को मजबूत कर भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने पर है।
सेमीकंडक्टर से AI तक, टेक्नोलॉजी पर बड़ा फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाली अर्थव्यवस्था में चिप, AI और डेटा सेंटर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि भारत में तीन सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हो चुके हैं और आने वाले वर्षों में कई और प्लांट शुरू करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री ने भारत को तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और ग्लोबल सप्लाई चेन में मजबूत भूमिका हासिल करने पर जोर दिया।
आत्मनिर्भर भारत पर पीएम मोदी का जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अपनी जरूरतों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में डिफेंस प्रोडक्शन, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग, रेलवे कोच उत्पादन और डिजिटल ट्रांजेक्शन में बड़ी वृद्धि हुई है।
भारत को चाहिए दुनिया के बड़े ब्रांड
पीएम मोदी ने भारतीय कंपनियों को वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान बनाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दशक में दुनिया की बड़ी कंपनियों, बैंकों और फार्मा कंपनियों में भारत की हिस्सेदारी बढ़नी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय ब्रांड दुनिया के लिए पहचान और आकर्षण का केंद्र बनें, इसके लिए नीतियों और सुधारों की गति को और तेज करना होगा।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आने का दावा
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे देश की विकास यात्रा और आम नागरिकों के प्रयासों का परिणाम बताया।उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश की गति को आगे भी बनाए रखने की जरूरत है।
एनर्जी सिक्योरिटी को बताया बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री ने कहा कि AI, चिप और डेटा सेंटर जैसी नई तकनीकों के विस्तार के लिए बड़ी मात्रा में ऊर्जा की जरूरत होगी। इसलिए भारत के लिए एनर्जी सिक्योरिटी आने वाले समय की बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और ऊर्जा के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया। पीएम मोदी ने बताया कि 2014 के मुकाबले देश में पाइप से गैस पहुंचाने वाले शहरों की संख्या में बड़ा विस्तार हुआ है। उन्होंने मेट्रो नेटवर्क और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को भी भारत की विकास गति से जोड़ा।
महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक दलों से अपील
प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण विधेयक को लागू कराने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिना नाम लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में कोरोना महामारी, युद्ध और वैश्विक संकट जैसी कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन भारत ने अपनी तैयारियों और आत्मनिर्भरता के दम पर इनका सामना किया। उन्होंने कहा कि देश को डर और अफवाहों से प्रभावित करने की कोशिशों के बावजूद भारत आगे बढ़ता रहा।
‘वंदे मातरम्’ और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता आंदोलन के वीरों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए महान बलिदान देने वाले सेनानियों के सपनों को पूरा करना देश की जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ का भी विशेष उल्लेख किया और देशवासियों से राष्ट्रीय भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें : 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य,‘शक्ति की सप्त धारा’ से विकास को नई गति, सेमीकंडक्टर और AI पर बड़ा फोकस, आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर, डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने का लक्ष्य, ऊर्जा सुरक्षा को बताया भविष्य की जरूरत, 25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का दावा, भारतीय कंपनियों को ग्लोबल ब्रांड बनाने पर जोर, महिला आरक्षण लागू करने की अपील, युवाओं से बड़े सपने और तेज काम करने का आह्वान ।




