कोलकाता, 19 अगस्त 2026 : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात एक पांच मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित इस इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। आग में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इश बीच राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसा रात करीब 1:45 बजे हुआ। आग लगने के वक्त इमारत के ज्यादातर होटल में लोग सो रहे थे। देखते ही देखते बिल्डिंग में धुआं भर गया, जिससे कई लोग बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक मृतकों में भारतीयों के साथ कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस बीच अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
पांच दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। बिल्डिंग में घना धुआं भरने और ऊपरी मंजिलों पर तेज गर्मी के कारण राहतकर्मियों को रेस्क्यू में काफी परेशानी हुई। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला। करीब सुबह 4:30 बजे तक मुख्य रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया। हालांकि, बिल्डिंग के अंदर काफी गर्मी होने के कारण कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया। आग पर काबू पा लिया गया है और घटना की जांच के लिए FSL की टीम भी मौके पर पहुंची है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मंत्री ने बिल्डिंग के अंदर की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उनके मुताबिक इमारत में कई होटल चल रहे थे और वहां बुनियादी सुरक्षा तथा निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। होटल संचालन में भी कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है।
बिल्डिंग का मालिक फरार
पुलिस के अनुसार घटना के बाद बिल्डिंग का मालिक फरार है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इमारत में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और होटल संचालन के लिए जरूरी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
दो दिन पहले बीरभूम के होटल में भी लगी थी आग
कोलकाता की घटना से दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में भी एक पांच मंजिला होटल में आग लग गई थी। इस हादसे में नौ लोगों की मौत और नौ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई थी। उस मामले में भी शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई थी। लगातार दो बड़े होटल अग्निकांडों के बाद पश्चिम बंगाल में होटल और बहुमंजिला इमारतों की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।




