कानपुर, 27 अगस्त 2026 : कानपुर में गुरुवार दोपहर एक ट्रेनी विमान क्रैश होने से हड़कंप मच गया। यह हादसा गंगा किनारे नाथपुरवा गांव के पास हुआ। मगर दुर्घटना में एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान ट्विन इंजन एयरक्राफ्ट था। उड़ान के दौरान विमान में अचानक तेज धमाका हुआ और इसके बाद वह तेजी से नीचे आकर जमीन पर जा गिरा। इस हादसे के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका मलवा चारों तरफ फैल गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

विमान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव का काम शुरू किया। घायल पायलट को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया।

विमान मलबे में तब्दील, एक पायलट की मौत

हादसे के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। कॉकपिट के पास एक पायलट का शव दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा पायलट विमान से कुछ दूरी पर घायल अवस्था में मिला। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

क्या दोनों पायलटों ने इजेक्ट करने की कोशिश की ?

घटनास्थल की तस्वीरों में विमान की एक सीट अलग पड़ी हुई दिखाई दे रही है। इसे लेकर यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों पायलटों ने विमान से बाहर निकलने की कोशिश की होगी। हालांकि, इजेक्शन सिस्टम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मगर विमान में अचानक धमाका कैसे हुआ और क्रैश से ठीक पहले उसमें क्या तकनीकी खराबी आई थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

गर्ग एविएशन का था एयरक्राफ्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रैश हुआ विमान गर्ग एविएशन का था। हादसे की सूचना मिलने के बाद कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, एडिशनल सीपी संकल्प शर्मा और विपिन ताड़ा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कंपनी की ओर से दावा किया गया है कि विमान के मेंटिनेंस में कोई कमी नहीं थी। बताया गया है कि यह एयरक्राफ्ट वर्ष 2023 से कंपनी के पास था और इसके पास करीब 3,000 घंटे की फ्लाइंग का सर्टिफिकेट था।

हादसे की जांच शुरू

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। विमान के मलबे की जांच की जा रही है। हादसे की वास्तविक वजह तकनीकी खराबी, इंजन में समस्या या किसी अन्य कारण से जुड़ी थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और विमान से जुड़े दस्तावेजों तथा तकनीकी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।