त्रिशूर, 19 अगस्त 2026 : स्कॉटिश संसद के सदस्य और स्कॉटिश नेशनल पार्टी के नेता मार्टिन डे ने केरल की नितिन चंद के साथ गुरुवायूर श्रीकृष्ण मंदिर में पारंपरिक विवाह की रस्में पूरी कीं। परिवार से जुड़े लोगों के मुताबिक गुरुवायूर मंदिर में शादी करना नितिन चंद की लंबे समय से इच्छा थी, जो बाढ़ और कोविड-19 महामारी के कारण कई वर्षों तक पूरी नहीं हो सकी। मंगलवार को गुरुवायूर मंदिर नगरी के एक सभागार में विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें दोनों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। शादी की रस्में पारंपरिक तरीके से ही पूरी की गईं।
ब्रिटेन में मुलाकात और पहले भी हुई थी शादी
मार्टिन डे और नितिन चंद इससे पहले ब्रिटेन में भी शादी कर चुके हैं। नितिन मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले के पीरावम की रहने वाली हैं। वह वर्ष 2008 में उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन गई थीं, जहां उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधन की पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी मुलाकात मार्टिन डे से हुई। नितिन की इच्छा थी कि गुरुवायूर श्रीकृष्ण मंदिर में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्म पूरी की जाए। हालांकि केरल में आई बाढ़ और उसके बाद कोविड-19 महामारी के चलते यह कार्यक्रम लगातार टलता रहा। आखिरकार वर्षों बाद उनकी यह इच्छा पूरी हो गई।
गुरुवायूर में पारंपरिक रीति से हुई रस्में
स्कॉटिश नेशनल पार्टी के नेता मार्टिन डे ने गुरुवायूर में हुए समारोह की तस्वीरें अपने फेसबुक पेज पर भी साझा कीं। इस विवाह समारोह में करीबी लोगों की मौजूदगी रही और मंदिर की परंपराओं के अनुसार रस्में पूरी की गईं।
कौन हैं मार्टिन डे ?
मार्टिन डे स्कॉटलैंड की राजनीति में सक्रिय स्कॉटिश नेशनल पार्टी (SNP) के नेता हैं। वह वर्तमान में फाल्किर्क ईस्ट एंड लिनलिथगो निर्वाचन क्षेत्र से स्कॉटिश संसद के सदस्य हैं। उन्होंने सात मई 2026 से इस पद की जिम्मेदारी संभाली है। मार्टिन डे स्कॉटिश संसद की जलवायु कार्रवाई समिति और अर्थव्यवस्था, पर्यटन एवं ऊर्जा समिति के सदस्य भी हैं। संसद में वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा सेंटर, ऊर्जा, उद्योग और सामाजिक मुद्दों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रख चुके हैं। गुरुवायूर मंदिर में नितिन चंद के साथ उनकी शादी इसलिए चर्चा में है, क्योंकि वह स्कॉटलैंड की संसद के सदस्य हैं।




