नई दिल्ली, 18 अगस्त 2026 : भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। भाजपा ने यूपी, पंजाब व गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विनोद तावड़े, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, सतीश पूनिया और तरुण चुघ को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इन नियुक्तियों को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा इन राज्यों में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी में जुट गई है। मगर इसके साथ ही भाजपा के अंदर चर्चाओं का बाजार गर्म है और यूपी में विनोद तावड़े की नियुक्ति पर सवाल भी उठ रहे हैं।
UP में विनोद तावड़े को मिली कमान
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी के इस संगठनात्मक फैसले को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, मगर क्या इन दोनों की टीम यूपी में कुछ बेहतर कर पाएगी।
पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया को पंजाब का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से पंजाब में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी। पंजाब में भी 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में नई नियुक्ति के बाद भाजपा के चुनावी अभियान में तेजी आने की संभावना है।
गुजरात के प्रभारी बने तरुण चुघ
राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को गुजरात का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के इस फैसले के साथ गुजरात में भी संगठनात्मक तैयारियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात तीनों ही राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसलिए भाजपा के इन बदलावों को आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में भी बड़े बदलाव
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं और नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
इन 13 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा की नई सूची में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की नई टीम में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। इसके अलावा शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
2027 के चुनावों से पहले भाजपा की बड़ी तैयारी
उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के प्रभारियों में बदलाव ऐसे समय किया गया है जब तीनों राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में नई नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने इन राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को गति देने का संकेत दिया है। अब देखना होगा कि नए प्रदेश प्रभारी अपने-अपने राज्यों में संगठन को किस तरह मजबूत करते हैं और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।




