नई दिल्ली, 17 अगस्त 2026 : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी हैं। वसुंधरा राजे, राम माधव और स्मृति ईरानी जैसे बड़े नामों को संगठन में महत्वपूर्ण पद मिले हैं। आम आदमी पार्टी से बीजेपी में आए संदीप पाठक को भी राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आठ राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री शामिल हैं। इसके अलावा संगठन, मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियां भी नेताओं को सौंपी गई हैं।

वसुंधरा राजे व राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

भाजपा की नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को एक बार फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके अलावा राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एस. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद कर समेत अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी ने संगठन में अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग राज्यों के नेताओं को नई टीम में प्रतिनिधित्व दिया है।

स्मृति ईरानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बीजेपी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बी.एल. संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बरकरार रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है।

संदीप पाठक की भी भाजपा की राष्ट्रीय टीम में एंट्री

आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए डॉ. संदीप पाठक को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, फांग्नोन कोन्याक, मनोज तिग्गा, सिद्धार्थ शंभु समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। बिहार से प्रदीप वर्मा, सिद्धार्थ शंभु और ऋतुराज सिन्हा को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।

पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

भाजपा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।

सोशल मीडिया और मीडिया टीम में भी बदलाव

भाजपा की नई टीम में मीडिया और सोशल मीडिया को भी खास महत्व दिया गया है। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। उनके साथ आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। वहीं दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव सोशल मीडिया सह संयोजक की भूमिका निभाएंगे।

भाजपा के मोर्चों की कमान भी तय

नई टीम में पार्टी के विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा अध्यक्ष, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा बंसीलाल गुर्जर किसान मोर्चा, शिवेश कुमार राम एससी मोर्चा, डॉ. मन्नालाल रावत एसटी मोर्चा और कुंवर बासित अली अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान संभालेंगे।

भाजपा की नई टीम में बिहार को भी प्रतिनिधित्व

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में बिहार के नेताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। सिद्धार्थ शंभु को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है, जबकि ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक और शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। नितिन नवीन की नई टीम को आगामी चुनावों और संगठन के विस्तार के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। खासकर उत्तर प्रदेश समेत उन राज्यों में पार्टी की रणनीति पर नई टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है, जहां आने वाले समय में बड़े चुनाव होने हैं।

भाजपा की नई टीम : प्रमुख नियुक्तियां

  • राष्ट्रीय अध्यक्ष : नितिन नवीन
  • राष्ट्रीय उपाध्यक्ष : वसुंधरा राजे, राम माधव समेत 13 नेता
  • राष्ट्रीय महामंत्री : स्मृति ईरानी समेत आठ नेता
  • महामंत्री संगठन : बी.एल. संतोष
  • राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष : पीयूष गोयल
  • मीडिया संयोजक : अनिल बलूनी
  • सोशल मीडिया संयोजक : दीपक म्हस्के
  • युवा मोर्चा अध्यक्ष : डॉ. हेमांग जोशी
  • महिला मोर्चा अध्यक्ष : रूप कुमारी चौधरी
  • अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष : कुंवर बासित अली