कोलकाता, 11 अगस्त 2026 : पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की मंगलवार को एहतियाती लैंडिंग कराई गई। पायलट ने मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से हेलीकॉप्टर को कोलाघाट इलाके के एक खुले मैदान में उतारने का फैसला किया। इस बीच मुख्यमंत्री के सुरक्षित होने की जानकारी है।

केशपुर जा रहे थे सुवेंदु अधिकारी

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीएम सुवेंदु अधिकारी मंगलवार को दमदम से हेलीकॉप्टर के जरिए केशपुर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि, रास्ते में मौसम अचानक खराब हो गया। तेज बारिश और प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए पायलट ने आगे उड़ान जारी रखने के बजाय हेलीकॉप्टर को सुरक्षित स्थान पर उतारने का निर्णय लिया।

पायलट ने मौसम देख लिया फैसला

अधिकारियों के अनुसार पायलट ने मौसम की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद हेलीकॉप्टर की एहतियाती लैंडिंग कराई। इसके बाद मौसम सामान्य होने का इंतजार किया गया। मुख्यमंत्री के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए।इस घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।

प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल में इस समय मानसून सक्रिय है और कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के कारण बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार से झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्व मेदिनीपुर में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अगले सात दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। लगातार खराब मौसम का असर सड़क और हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

खराब मौसम में सावधानी आवश्यक

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है। खासकर भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।