काठमांडू, 18 अगस्त 2026 : भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की। सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य और रक्षा संबंधों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम बालेन शाह के पास नेपाल के रक्षा मंत्रालय का प्रभार भी है। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य संबंधों के साथ-साथ नेपाली गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती का मुद्दा भी खासा चर्चा में है।

नेपाली सेना के मानद जनरल बनने के बाद PM बालेन शाह से मुलाकात

जनरल धीरज सेठ की नेपाल यात्रा के दौरान उन्हें एक दिन पहले ही नेपाली सेना के जनरल की मानद रैंक से सम्मानित किया गया था। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने काठमांडू में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया। इसके बाद जनरल सेठ ने प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री बालेन शाह से मुलाकात की। दोनों देशों के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे की सेना में मानद जनरल की उपाधि देने की परंपरा भारत-नेपाल के विशेष सैन्य संबंधों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।

भारत-नेपाल के सैन्य संबंधों पर हुई चर्चा

भारत और नेपाल के बीच दशकों पुराने सैन्य संबंध हैं। नेपाली सैन्य अधिकारी भारतीय सैन्य संस्थानों में प्रशिक्षण लेते हैं और दोनों देशों की सेनाएं संयुक्त सैन्य अभ्यास भी करती हैं। नेपाल भारत से रक्षा उपकरणों की खरीद भी करता रहा है। जनरल धीरज सेठ और बालेन शाह की मुलाकात को इसी व्यापक सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बैठक में गोरखा भर्ती को लेकर किसी विशेष फैसले की घोषणा नहीं हुई है।

नेपाली सेना के कैडेट्स से भी मिले जनरल धीरज सेठ

नेपाल दौरे के दौरान जनरल धीरज सेठ ने शिवपुरी स्थित आर्मी कमांड एंड स्टाफ कॉलेज का भी दौरा किया। उन्होंने नेपाली सेना और विभिन्न देशों के प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात की। प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सैन्य अधिकारियों के लिए नेतृत्व क्षमता, पेशेवर दक्षता और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच प्रभावी निर्णय लेने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पाठ्यक्रम से जुड़े प्रशिक्षकों और विदेशी प्रशिक्षु अधिकारियों से भी बातचीत की तथा सैन्य प्रशिक्षण और नेतृत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की।

नेपाली सेना प्रमुख से भी हुई मुलाकात

जनरल धीरज सेठ ने नेपाल के थल सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिग्देल से भी शिष्टाचार भेंट की। दोनों सैन्य प्रमुखों ने आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की और भारत-नेपाल के द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, सैन्य प्रशिक्षण और पेशेवर आदान-प्रदान जैसे मुद्दों पर भी जोर रहा।

17 से 19 अगस्त तक नेपाल दौरे पर हैं जनरल सेठ

भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त तक नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान वह नेपाल के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने नेपाली सेना मुख्यालय परिसर में पौधारोपण किया। जनरल सेठ की यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग तथा दोनों सेनाओं के बीच आपसी विश्वास को मजबू त करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। इससे भारत और नेपाल के रिश्ते और मजबूत होंगे।