काबुल, 17 अगस्त। जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए अफगानिस्तान ने अपनी 15 सदस्यीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। युवा बल्लेबाज दारविश रसूली को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। टीम के चयन में हाल ही में संपन्न श्पागीजा क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को खास महत्व दिया गया है। हालांकि, टीम में अफगानिस्तान के कई अनुभवी और चर्चित खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है।
राशिद खान और गुरबाज टीम से बाहर
एशियन गेम्स के लिए घोषित टीम में नियमित कप्तान राशिद खान का नाम नहीं है। उनके अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को भी टीम से बाहर रखा गया है। इसके बावजूद टीम में नजीबुल्लाह जादरान और करीम जनत जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
24 सितंबर से शुरू होंगे एशियन गेम्स
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम भारत के खिलाफ दिल्ली में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जापान रवाना होगी।
श्पागीजा लीग के प्रदर्शन को मिला मौका
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम चयन में घरेलू प्रदर्शन को अहमियत दी है। श्पागीजा क्रिकेट लीग के 11वें संस्करण में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ियों को एशियन गेम्स की टीम में जगह मिली है।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मोहम्मद अकरम ने लीग की आठ पारियों में 339 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। वहीं ऑलराउंडर इस्मत आलम ने 294 रन बनाने के साथ नौ विकेट भी हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें लीग का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।
युवा खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
अफगानिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में दारविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखेल, खालिद तानिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांगियाल खरोटी, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई और अब्दुल्ला अहमदजई शामिल हैं।
राशिद खान जैसे बड़े नामों की गैरमौजूदगी के बीच यह टीम अफगानिस्तान के युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा मौका होगी।




