नई दिल्ली, 29 अगस्त 2026 : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दलितों के मुद्दे और सामाजिक भेदभाव को लेकर भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश में आज भी दलितों के साथ भेदभाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक संघर्ष को संविधान और आरएसएस की विचारधारा के बीच की लड़ाई बताया। राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय संविधान डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। उनके मुताबिक देश में दलितों के अधिकार, सामाजिक समानता और संविधान की रक्षा को लेकर लगातार संघर्ष जारी है।
‘दलितों के साथ भेदभाव आज भी जारी’
राहुल गांधी ने दावा किया कि देश के कई हिस्सों में दलितों को आज भी सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अलग बर्तन रखने, शादी में घोड़ी चढ़ने पर विरोध और स्कूलों में दलित बच्चों से सफाई कराने जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों के आगे बढ़ने और सफल होने पर उनके खिलाफ भेदभाव और दबाव बढ़ जाता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह स्थिति संविधान में दिए गए समानता के अधिकार के खिलाफ है।
खरगे के लिए न्याय की मांग
राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े हल्द्वानी के रामलीला मैदान ‘शुद्धिकरण’ विवाद का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आठ अगस्त को खरगे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद वहां कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण हवन’ किए जाने की घटना सामने आई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के कार्यक्रम के बाद ‘शुद्धिकरण’ करना सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है।
‘शुद्धिकरण भी छुआछूत का दूसरा रूप’
राहुल गांधी ने कहा कि उनके मुताबिक इस तरह का ‘शुद्धिकरण’ छुआछूत का ही दूसरा रूप है। उन्होंने इसे संविधान के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान और देश के लिए अपना जीवन लगाया है। उनके अनुसार, खरगे के कार्यक्रम स्थल का कथित ‘शुद्धिकरण’ किया जाना गंभीर मामला है।
बोले- ‘आज नहीं तो कल एफआईआर होगी’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी से इस मामले में कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान के मामले में न्याय मिलेगा और आज नहीं तो कल एफआईआर दर्ज होगी।
भाजपा संगठन पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी से भाजपा के नए संगठन को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्हें भाजपा के नए या पुराने संगठन में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई विचारधारा और संविधान को बचाने की है। राहुल गांधी ने दोहराया कि मौजूदा राजनीतिक संघर्ष को केवल चुनावी राजनीति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह संविधान और अलग-अलग विचारधाराओं के बीच संघर्ष है।




