नई दिल्ली, 29 अगस्त 2026 : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में केंद्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा बदलाव किया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार एजेंसी में दो डायरेक्टर और एक जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति की गई है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर NTA लगातार सवालों और विवादों के केंद्र में रही है। 27 अगस्त को जारी अलग-अलग आदेशों के मुताबिक, 2012 बैच के IPS अधिकारी रवि कुमार सिंह और 2012 बैच के IAS अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी को NTA में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं 2016 बैच के IRS अधिकारी अमित समदरिया को जॉइंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

IRS अमित समदरिया बने जॉइंट डायरेक्टर

कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार अमित समदरिया को NTA में जॉइंट डायरेक्टर के पद पर नियुक्त करने के लिए चुना गया है। वह 2016 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस अधिकारी हैं और कस्टम्स एवं इनडायरेक्ट टैक्सेस से जुड़े कैडर में रहे हैं। तीनों अधिकारियों को नए पद का कार्यभार संभालने के लिए आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में पदभार ग्रहण नहीं करने पर सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

कौन हैं IPS रवि कुमार सिंह?

रवि कुमार सिंह 2012 बैच के IPS अधिकारी हैं और अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश कैडर से संबंधित हैं। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा के जरिए पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। NTA में नियुक्ति से पहले वह दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) में DCP के पद पर कार्यरत थे। सितंबर 2012 में IPS में शामिल हुए रवि कुमार सिंह को पुलिस सेवा में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। उनकी पहचान एक तेज पुलिस अफसर के रूप में होती है।

IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी का प्रशासनिक अनुभव

प्रसन्ना वेंकटेश वी 2012 बैच के IAS अधिकारी हैं और आंध्र प्रदेश कैडर से आते हैं। उन्होंने तमिलनाडु एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी से कृषि विषय में स्नातक की पढ़ाई की है। अपने प्रशासनिक करियर में वह एलुरु के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, विजयवाड़ा के नगर आयुक्त और कुरनूल के संयुक्त कलेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। NTA में डायरेक्टर बनने से पहले वह सोशल वेलफेयर विभाग और AP सोशल वेलफेयर रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस सोसाइटी, गुंटूर में सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

NEET विवादों के बीच NTA में नई नियुक्तियां

NTA पिछले कुछ समय से NEET समेत कई परीक्षाओं के आयोजन और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर विवादों में रही है। परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर छात्रों और अभिभावकों की ओर से भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे समय में एजेंसी में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति को व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई टीम के सामने परीक्षा संचालन, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल करना बड़ी चुनौती होगी। अब नजर इस बात पर होगी कि नए अधिकारी NTA की प्रशासनिक व्यवस्था और परीक्षा संचालन में किस तरह के बदलाव लाते हैं।