नई दिल्ली, 15 अगस्त 2026 : देश शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराया और देश को संबोधित किया। हालांकि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। इस पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है।
राहुल गांधी-खड़गे के नहीं आने पर क्या बोले शेखावत ?
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आईएएनएस से बातचीत में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के समारोह में शामिल नहीं होने पर कहा, “मैं नहीं जानता हूं कि वो किस कारण से नहीं आए होंगे।” हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने को लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के प्रति सम्मान से जोड़ते हुए अपनी बात रखी। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना दो महत्वपूर्ण पहलुओं से जुड़ा है। पहला, इस बड़े दिन को लेकर व्यक्ति का अपना संकल्प और उसके मन में देश के प्रति गरिमा का भाव, और दूसरा लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं एवं परंपराओं में उसकी आस्था।
‘हर व्यक्ति को वहां रहने का प्रयास करना चाहिए’
शेखावत ने कहा कि भारत लोकतंत्र के 80 वर्ष पूरे कर चुका है। ऐसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और परंपराओं में आस्था रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को वहां मौजूद रहने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से ये दो प्रबल कारण होते हैं कि हर व्यक्ति, जो वहां अपेक्षित है, वहां रहने का प्रयास करना चाहिए।”
वंदे मातरम की 150वीं जयंती का भी जिक्र
केंद्रीय मंत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के साथ वंदे मातरम की 150वीं जयंती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान वंदे मातरम ने देश को एकता के सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शेखावत ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समय भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को मजबूत करने का है।
‘विकसित भारत’ के संकल्प पर क्या बोले ?
शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने लोगों से देश के विकास में योगदान देने और भारत को आत्मनिर्भर, विकसित एवं सामर्थ्यशाली राष्ट्र बनाने के लिए समर्पित होने की अपील की।
युवाओं और महिलाओं पर भी कही बात
केंद्रीय मंत्री ने लालकिले से प्रधानमंत्री मोदी की ओर से युवाओं और महिलाओं को लेकर की गई घोषणाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में देश की युवाशक्ति, किसान, मातृशक्ति और गरीब शामिल हैं। शेखावत के मुताबिक, सरकार का प्रयास इन वर्गों को और अधिक सशक्त बनाने का है। उन्होंने महिलाओं की विधायी प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से मिलकर आगे बढ़ने की अपील का भी जिक्र किया।




