नई दिल्ली, 21 Dkd’tyj 2026 : भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक सहयोग को लेकर एक अहम बैठक की तैयारी चल रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि क्वाड (QUAD) का अगला शिखर सम्मेलन 2026 के अंत से पहले फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित किया जा सकता है। चारों देशों के बीच बैठक को लेकर सहमति बन गई है मगर अभी इसकी निश्चित तारीख घोषित नहीं हुई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक इंटरव्यू में बताया कि क्वाड नेताओं की बैठक नवंबर में फिलीपींस में होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित करने की योजना है। यह बैठक हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

क्या है क्वाड और कौन-कौन से देश हैं शामिल ?

क्वाड का पूरा नाम Quadrilateral Security Dialogue है। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना और समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीक, बुनियादी ढांचे तथा आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाना है। क्वाड का एक प्रमुख उद्देश्य मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देना है। इसके तहत सदस्य देश क्षेत्रीय स्थिरता, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और अहम खनिजों की आपूर्ति जैसे विषयों पर सहयोग करते हैं।

चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच अहम होगी बैठक

प्रस्तावित क्वाड समिट ऐसे समय में आयोजित होने की संभावना है, जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य और आर्थिक भूमिका पर दुनिया की नजर है। इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक संतुलन भारत सहित चारों सदस्य देशों के लिए महत्वपूर्ण विषय बने हुए हैं। इस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, रणनीतिक सहयोग और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, सम्मेलन का अंतिम एजेंडा और तारीख अभी घोषित नहीं किए गए हैं।

2025 में भारत में होनी थी क्वाड समिट

क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन 2025 में भारत में आयोजित किया जाना था, लेकिन यह बैठक नहीं हो सकी। अब 2026 के अंत से पहले मनीला में इसे आयोजित करने की योजना सामने आई है। चारों देशों के बीच नेताओं के स्तर पर पिछला शिखर सम्मेलन सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर स्थित विलमिंगटन में हुआ था। इसके बाद विदेश मंत्रियों के स्तर पर संवाद जारी रहा, लेकिन नेताओं की अगली आमने-सामने बैठक का इंतजार बना हुआ है।

जुलाई में मनीला में हुई थी विदेश मंत्रियों की बैठक

रिपोर्ट के अनुसार क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक जुलाई में मनीला में हुई थी। इस दौरान सदस्य देशों ने मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी। मार्को रुबियो ने कहा कि क्वाड नेताओं के सम्मेलन से पहले विदेश मंत्रियों की एक और बैठक आयोजित करने की योजना है। उन्होंने इसके लिए अक्टूबर के आखिर में अटलांटा में होने वाली G20 बैठक का जिक्र किया है।

महत्वपूर्ण खनिजों और सप्लाई चेन पर भी रहेगा जोर

क्वाड का एजेंडा केवल सैन्य और समुद्री सुरक्षा तक सीमित नहीं है। चारों देश महत्वपूर्ण खनिजों, उभरती तकनीक और भरोसेमंद सप्लाई चेन को मजबूत बनाने पर भी काम कर रहे हैं। महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता इलेक्ट्रिक वाहनों, सेमीकंडक्टर, बैटरी और आधुनिक तकनीक के लिए जरूरी है। ऐसे में इन संसाधनों की आपूर्ति को सुरक्षित बनाने के प्रयास भारत और उसके साझेदारों के लिए आर्थिक तथा रणनीतिक महत्व रखते हैं।

2026 की क्वाड समिट पर क्यों रहेगी नजर ?

मनीला में प्रस्तावित शिखर सम्मेलन भारत-अमेरिका संबंधों के साथ जापान और ऑस्ट्रेलिया के सहयोग की दिशा समझने का भी अवसर होगा। इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की पहलों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक की तारीख और आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा होना अभी बाकी है। फिलहाल मार्को रुबियो के बयान से इतना स्पष्ट है कि 2026 के अंत से पहले क्वाड नेताओं की बैठक आयोजित करने की योजना पर सहमति बनी है।