गया, 21 अक्टूबर 2026 : गया के सर्किट हाउस में बुधवार दोपहर एसी में ब्लास्ट होने के बाद एक कमरे में अचानक आग लग गई। घटना सर्किट हाउस के प्रथम तल पर स्थित रूम नंबर 3 में हुई। आग लगने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बगल के रूम नंबर-2 में ठहरे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार और उनकी पत्नी सुरक्षित बच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने मनोज कुमार और उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला। अग्निशमन विभाग के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

रूम नंबर 3 में होना था ठहराव, पर मनोज कुमार ने चुना कमरा नंबर 2

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार के लिए सर्किट हाउस का रूम नंबर 3 आवंटित किया गया था। हालांकि उन्होंने उस कमरे के बजाय रूम नंबर 2 में ठहरने का फैसला किया। इसी दौरान रूम नंबर 3 में एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। दोनों कमरे एक-दूसरे के बगल में हैं। ऐसे में आग की घटना के बाद रूम नंबर 2 में ठहरे मनोज कुमार और उनकी पत्नी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

'ऊपर वाले की कृपा', मनोज कुमार ने बताई पूरी घटना

विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें रूम नंबर 3 दिया गया था, लेकिन उन्होंने रूम नंबर 2 में ठहरना पसंद किया। उनके मुताबिक, यह संयोग ही था कि जिस कमरे में उन्हें ठहरना था, उसी में आग लग गई। उन्होंने इसे ऊपर वाले की कृपा बताते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार को कोई नुकसान नहीं हुआ।

AC ब्लास्ट से लगी आग, दमकल ने पाया काबू

अग्निशमन विभाग के जिला सहायक पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि सर्किट हाउस के रूम नंबर 3 में एसी में ब्लास्ट होने के कारण आग लगी थी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। विभाग के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने ली जानकारी

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि वह भी सर्किट हाउस में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ बगल के कमरे में ठहरे हुए थे। अग्निशमन विभाग की टीम ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और समय रहते आग पर काबू पा लिया। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह राहत की बात है कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई।