पटना | 25 जुलाई 2026

NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को बुलाए गए बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना में प्रदर्शन कई जगह उग्र हो गया। गांधी मैदान स्थित रामगुलाम चौक पर कुछ छात्र विरोध जताने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

तेजप्रताप यादव भी प्रदर्शन में हुए शामिल

बिहार बंद के दौरान पूर्व मंत्री और जन जनतांत्रिक दल (JJD) के नेता तेजप्रताप यादव भी प्रदर्शन में पहुंचे। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर छात्रों के साथ मार्च किया और छात्र आंदोलन के समर्थन में अपनी आवाज उठाई। उनके पहुंचने के बाद प्रदर्शन स्थल पर राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई।

जेपी गोलंबर और गांधी मैदान में पुलिस की कार्रवाई

जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पटना सदर एसडीएम कृतिका शर्मा ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज का आदेश दिया। इस दौरान घायल डीएसपी कामाख्या नारायण भी मौके पर मौजूद रहकर पुलिस बल का नेतृत्व करते दिखाई दिए। गांधी मैदान इलाके में भी पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

सीवान, बेगूसराय और छपरा में भी प्रदर्शन

बिहार बंद का असर अन्य जिलों में भी देखने को मिला। सीवान में एक छात्र कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन करता नजर आया, जबकि सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया गया। बेगूसराय में ड्रोन कैमरों से पूरे आंदोलन की निगरानी की गई। वहीं छपरा में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी भवन पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए और बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की, जिससे यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

पुलिस अलर्ट, हालात पर लगातार नजर

पटना सहित कई जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संवेदनशील इलाके की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर पुलिस और जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं।