पटना, 22 अक्टूबर 2026 : बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। हालांकि चुनाव प्रचार बुधवार शाम समाप्त हो गया। अब शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान केंद्रों पर बैलेट बॉक्स को पहुंचाने का काम गुरुवार रात तक पूरा कर लिया जाएगा। मालूम हो कि चुनाव मैदान में कुल 150 उम्मीदवार हैं, जबकि 5,32,547 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।

बिहार MLC चुनाव : कहां कितने मतदान केंद्र ?

निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 335 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 598 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं में करीब 4.92 लाख स्नातक और लगभग 40 हजार शिक्षक मतदाता शामिल हैं। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित जिलों में कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी।

सारण शिक्षक सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र इस बार प्रमुख मुकाबलों में शामिल है। यहां जदयू के आनंद पुष्कर, जन सुराज के अफाक अहमद और राजद के जयराम यादव के बीच मुकाबला है। रामपुकार सिन्हा के चुनाव मैदान से हटने के बाद मुकाबला इन तीन उम्मीदवारों के बीच केंद्रित हो गया है। अफाक अहमद वर्तमान में इस सीट से विधान पार्षद हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने आनंद पुष्कर को हराया था। ऐसे में इस बार भी दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबले पर खास नजर रहेगी।

पटना शिक्षक सीट पर भाजपा और राजद आमने-सामने

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार और भाजपा के नवल किशोर यादव के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। जन सुराज की दिव्या ज्योति और कांग्रेस के संजय कुमार भी चुनाव मैदान में हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संजय कुमार और जन सुराज के श्यामनंद यादव अपनी-अपनी जीत के लिए मैदान में हैं। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा, जदयू के घनश्याम रॉय और राजद के कुमर राऊत के बीच मुकाबला है।

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनुज सिंह की टक्कर

बिहार MLC चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे अधिक चर्चा में है। इस सीट पर जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार के सामने अनुज सिंह चुनाव मैदान में हैं। अनुज सिंह को जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा राजद की ओर से छात्र नेता दिलीप कुमार भी चुनाव लड़ रहे हैं। अनंत सिंह के समर्थन के कारण पटना स्नातक सीट का मुकाबला राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है। अब मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा कि मतदाता किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं।

तिरहुत, दरभंगा और कोसी स्नातक सीट पर भी मुकाबला

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर ब्रजवासी, जदयू के अभिषेक झा और राजद की रश्मि विनायक के बीच मुकाबला है। दरभंगा स्नातक सीट पर राजद के अनिल कुमार झा, भाजपा के सर्वेश कुमार और कांग्रेस के रजनीकांत पाठक चुनाव मैदान में हैं। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनके यादव, राजद के नीतेश कुमार और कांग्रेस के मनोज कुमार के बीच मुकाबला होगा।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव परिणाम से यह स्पष्ट होगा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में किस दल और उम्मीदवार को मतदाताओं का समर्थन मिला है।