पटना यूनिवर्सिटी के इकबाल हॉस्टल में जिंदा सुतली बम मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। हॉस्टल परिसर से दो सुतली बम बरामद होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सर्च अभियान शुरू किया गया।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आपसी रंजीश में किसी शरारती तत्व द्वारा बमबाजी की योजना बनाई गई थी। हालांकि समय रहते बम मिलने से बड़ा हादसा टल गया। बम स्क्वॉड की टीम ने दोनों सुतली बमों को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DSP के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। वहीं FSL की टीम भी मौके पर पहुंचकर बम और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।इस मामले में पीरबहोर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि हॉस्टल और आसपास के इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।




