बिहारशरीफ (नालंदा) | 12 जुलाई 2026

बिहार के नालंदा जिले में रविवार तड़के एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी। छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव में अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर 45 वर्षीय छोटी यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। बदमाशों ने सो रहे छोटी यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

घर में घुसते ही शुरू कर दी फायरिंग

मृतक के परिजनों के अनुसार, घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। छोटी यादव का बेटा भी घर में था। उसने बताया कि चार से पांच हथियारबंद अपराधी अचानक घर में घुसे और बिना किसी बातचीत के छोटी यादव पर लगातार गोलियां चला दीं। सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है।

चार महीने पहले जेल से आया था बाहर

पुलिस के मुताबिक, छोटी यादव करीब चार वर्ष पहले हुए मन्नी यादव हत्याकांड में आरोपी था और लगभग चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसी कारण पुलिस इस हत्या को पुरानी आपराधिक रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पंचायत चुनाव को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही छबिलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया।

राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी दुश्मनी, पंचायत चुनाव विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।