राजधानी Patna में कुछ दिन पहले हुए चर्चित CMS कैश वैन लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में अब तक चार अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना इलाके में CMS की कैश वैन से करीब 27 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट हुई थी। घटना के बाद पटना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए City SP East के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर लगातार अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में पहले ही सूरज पांडे, आदित्य और रवि कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं चौथे आरोपी नीतीश कुमार की तलाश जारी थी। पुलिस टीम जब उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी, उसी दौरान वह बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगा।
बताया जा रहा है कि भागते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी दूसरा राउंड फायर करने ही वाला था कि आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान चली गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच में यह भी सामने आया है कि लूट की रकम से आरोपियों ने महंगे iPhone खरीदे थे। पुलिस ने अब तक चार iPhone बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब दो-दो लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब पांच लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, CMS से जुड़े दस्तावेज, पर्चियां, वारदात के दौरान पहने गए कपड़े, हेलमेट और हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन बरामद सामानों से जांच को और मजबूती मिलेगी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी दीदारगंज और पटना सिटी इलाके के रहने वाले हैं। फिलहाल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि लगातार हो रही गिरफ्तारी और बरामदगी को पुलिस अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।




