पटना, 5 अगस्त : बिहार सवर्ण आयोग ने सवर्ण समाज से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया है। बिहार सवर्ण आयोग ने राज्य के सभी जिलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने का फैसला किया है। ये अधिकारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर उनके समाधान की दिशा में काम करेंगे। बिहार सवर्ण आयोग का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नोडल अधिकारी शिकायतों की निगरानी करेंगे और समाधान सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णों पर आयोग का फोकस
बिहार सवर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र सिंह ने कहा कि सवर्ण समाज के बड़ी संख्या में लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं। ऐसे लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सहायता का लाभ समय पर मिले, इसके लिए यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के साथ तालमेल बनाकर समस्याओं का समाधान कराना है।
बांकीपुर उपचुनाव के बाद फैसले की टाइमिंग पर चर्चा
सवर्ण आयोग के इस फैसले की सबसे ज्यादा चर्चा इसकी टाइमिंग को लेकर हो रही है। हाल ही में हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों पर बहस तेज है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी संदेश के बाद सरकार अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, सरकार या आयोग की ओर से इस फैसले को बांकीपुर चुनाव से जोड़कर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
सामाजिक आधार मजबूत करने की कोशिश ?
बिहार सवर्ण आयोग के इस कदम को आगामी राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार प्रशासनिक स्तर पर सवर्ण समाज की समस्याओं तक सीधी पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है। अगर जिले स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारी प्रभावी तरीके से काम करते हैं, तो शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया आसान हो सकती है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक समीकरणों को लेकर राजनीतिक दल सक्रिय हैं। ऐसे में सवर्ण आयोग का यह फैसला प्रशासनिक पहल के साथ-साथ राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर होगी कि नई व्यवस्था जमीन पर कितना असर दिखाती है और विपक्ष इस फैसले पर क्या प्रतिक्रिया देता है।




