नालंदा, 5 अगस्त 2026।
बिहार के नालंदा स्थित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर में रोपवे की ट्रॉलियां अचानक बीच हवा में रुक जाने से हड़कंप मच गया। सावन के दौरान धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए पहुंचे करीब 15 से 20 श्रद्धालु हवा में अटकी ट्रॉलियों में फंस गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए रोपवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उमस भरी गर्मी और ट्रॉलियों में हवा की कमी के कारण श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई। इसको लेकर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
घंटों चला रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही रोपवे प्रबंधन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित कर्मचारियों ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से एक-एक ट्रॉली तक पहुंचकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित नीचे उतारा।काफी मशक्कत के बाद सभी श्रद्धालुओं को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आकाशीय बिजली से आई तकनीकी खराबी
रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि खराब मौसम और आकाशीय बिजली के कारण रोपवे सिस्टम में तकनीकी बाधा उत्पन्न हुई थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल रोपवे का संचालन रोक दिया गया और फंसे हुए लोगों को निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जांच के बाद दोबारा शुरू हुआ रोपवे संचालन
तकनीकी समस्या दूर करने के बाद पूरे रोपवे सिस्टम की जांच और परीक्षण किया गया। सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही सेवा को दोबारा शुरू किया गया। प्रबंधन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा के लिए रोपवे का नियमित रखरखाव किया जाता है। हर महीने कुछ दिनों के लिए रोपवे को बंद कर तकनीकी जांच और जरूरी मरम्मत का काम किया जाता है।




