पटना | 7 अगस्त 2026

पटना सिटी में शुक्रवार को सड़क हादसे के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने NH-30 जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और गुस्साई भीड़ ने एक बस समेत कई वाहनों में आग लगा दी। इसके बाद वहां हालात खराब हो गए। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, मगर इस बीच आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहाड़ी मोहल्ला निवासी मनीष उर्फ उपेंद्र (27 वर्ष) सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

NH-30 किया जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार

युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। NH-30 पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन ने लिया हिंसक रूप

प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने कई वाहनों को निशाना बनाया। एक खाली बस समेत कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। इसके अलावा वाहनों में तोड़फोड़ की गई और कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस पर भी हुआ पथराव

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने मृतक युवक के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अंडरपास निर्माण की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी को जोड़ने के लिए अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस चौराहे पर सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा है और आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसलिए जल्द से जल्द अंडरपास बनाया जाए।

प्रशासन अलर्ट, दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी

इस दाैरान एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिसे अब नियंत्रित कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।