पटना | 7 अगस्त 2026
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला पत्रकार उनसे शादी को लेकर सवाल पूछती हैं। सवाल सुनते ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुस्कुरा देते हैं, लेकिन बिना कोई जवाब दिए आगे बढ़ जाते हैं। उनका यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है।
IGIMS कार्यक्रम में पूछा गया सवाल
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पहुंचे थे। यहां उन्होंने कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान विभागीय योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इसी दौरान एक महिला पत्रकार ने कहा कि वह एक ऐसा सवाल पूछना चाहती हैं, जो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर सकता है। इसके बाद उन्होंने पूछा, "क्या यह सच है कि आप मार्च में शादी करने वाले हैं ? "
सवाल सुनकर मुस्कुराए, लेकिन नहीं दिया जवाब
शादी से जुड़ा सवाल सुनते ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुस्कुराने लगे। उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और बिना कुछ कहे आगे बढ़ गए। उनके इस रिएक्शन पर वहां मौजूद अधिकारी और पत्रकार भी मुस्कुराते नजर आए। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। लोग स्वास्थ्य मंत्री की शादी को लेकर तरह -तरह के सवाल पूछ रहे हैं।
मार्च 2026 में राजनीति में रखी थी कदम
निशांत कुमार, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे हैं। करीब दो दशक तक सक्रिय राजनीति से दूर रहने के बाद उन्होंने मार्च 2026 में औपचारिक रूप से राजनीति में प्रवेश किया और जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की।
मई 2026 में बने स्वास्थ्य मंत्री
सात मई 2026 को सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में निशांत कुमार को बिहार का स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया। उस समय उनके उपमुख्यमंत्री बनने की भी चर्चा थी, लेकिन बाद में उन्होंने यह जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। इसके बाद जेडीयू की ओर से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था।
शादी को लेकर पहले भी लगती रही हैं अटकलें
45 वर्षीय निशांत कुमार अब तक अविवाहित हैं। यही वजह है कि समय-समय पर उनकी शादी को लेकर चर्चाएं और अटकलें सामने आती रहती हैं। हालांकि इस बार भी शादी के सवाल पर उन्होंने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी। उनका सिर्फ मुस्कुराना ही सोशल मीडिया पर चर्चा का कारण बन गया है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि निशांत कुमार की शादी कब होती है।




