पटना | 6 अगस्त 2026
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद जन सुराज के संस्थापक और नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर अब चुनावी वादों को धरातल पर उतारने की तैयारी में जुट गए हैं। इसके तहत वे 11 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का दौरा करेंगे और लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इस अभियान के दौरान प्रशांत किशोर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करेंगे।
चुनावी वादों को पूरा करने की तैयारी
जन सुराज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह अभियान केवल जनसंपर्क तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक वार्ड की वास्तविक समस्याओं को समझना और स्थानीय लोगों की राय के आधार पर विकास की कार्ययोजना तैयार करना है। इस अभियान के दौरान जलजमाव, टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर लोगों से सुझाव लिए जाएंगे और उस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
'तीन महीने में दिखेगा बदलाव'
चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि जीत मिलने के बाद तीन महीने के भीतर बांकीपुर में बदलाव दिखना शुरू हो जाएगा। जन सुराज का कहना है कि उनका लक्ष्य बांकीपुर को एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। इसी दिशा में जन संवाद अभियान को पहला बड़ा कदम माना जा रहा है।
11 से 19 अगस्त तक का पूरा कार्यक्रम
11 अगस्त – वार्ड संख्या 15, 18 और 40
12 अगस्त – वार्ड संख्या 19, 22, 23 और 26
13 अगस्त – वार्ड संख्या 16, 29 और 39
14 अगस्त – वार्ड संख्या 17, 25 और 38
16 अगस्त – वार्ड संख्या 24, 27 और 30
17 अगस्त – वार्ड संख्या 21, 28, 31 और 35
18 अगस्त – वार्ड संख्या 36, 37 और 42
19 अगस्त – वार्ड संख्या 41
भाजपा भी हार के बाद सक्रिय
उधर, बांकीपुर विधान सभा उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने भी संगठन स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है। प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर चुनाव परिणाम की समीक्षा की। इस बैठक में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दाैरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह केवल एक विधानसभा सीट का उपचुनाव था और उन्हें निराश होने के बजाय संगठन को और मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए।




