पटना, पांच अगस्त 2026।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा ने मंथन शुरू कर दिया है। चुनावी नतीजों की समीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को अचानक भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक की। मुख्यमंत्री के अचानक प्रदेश कार्यालय पहुंचने को बिहार की सियासत में काफी अहम माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेता बैठक में मौजूद

इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक बैठक में बांकीपुर उपचुनाव के परिणामों और हार के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही आगे की तैयारी और रणनीति पर विचार किया गया।

बूथ स्तर तक हुई समीक्षा

भाजपा ने चुनाव में कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों की समीक्षा शुरू कर दी है। बैठक में बूथ स्तर के प्रदर्शन, वोटों के अंतर, प्रचार अभियान और संगठन की सक्रियता को लेकर चर्चा हुई। पार्टी यह समझने की कोशिश कर रही है कि किन वजहों से अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं हो सके।

CM सम्राट ने लिया जमीनी फीडबैक

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नेताओं और पदाधिकारियों से चुनावी फीडबैक लिया। इसमें चुनाव के दौरान आई चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

संगठन में बदलाव के संकेत ?

सूत्रों के अनुसार, भाजपा संगठन को और मजबूत करने की दिशा में भी विचार कर रही है। आने वाले चुनावों को देखते हुए बूथ मैनेजमेंट, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से संपर्क बढ़ाने पर नई रणनीति बनाई जा सकती है। बांकीपुर के नतीजों के बाद भाजपा अब अपनी कमियों को दूर करने और आगे की चुनावी तैयारी में जुट गई है।