पटना, 10 अगस्त 2026 : बिहार की राजधानी पटना में सोमवार यानी 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाथ में तिरंगा लेकर जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक करीब 1.5 किलोमीटर पैदल यात्रा की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, NCC कैडेट्स और आम लोग शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा से पहले गांधी मैदान पहुंचे CM

तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गांधी मैदान पहुंचे और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर-12 से अंदर गया। इसके बाद सुरक्षा कारणों से गेट बंद कर दिया गया। सीएम की सुरक्षा में तैनात जवानों ने सीएम एस्कॉर्ट के अलावा अन्य वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया। बताया गया कि मंत्री दिलीप जायसवाल और मिथिलेश तिवारी के स्टाफ ने गेट खोलने का आग्रह किया। करीब पांच मिनट इंतजार के बाद दोनों मंत्रियों को अंदर जाने की अनुमति मिली।

दोनों डिप्टी CM कार्यक्रम में नजर नहीं आए

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी नहीं दिखी। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के पटना से बाहर होने की वजह से कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की बात सामने आई। वहीं दूसरे उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने को लेकर उनकी उम्र अधिक होने की वजह से शामिल नहीं होने की चर्चा रही।

जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक दिखा देशभक्ति का जोश

तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और अभियान के पोस्टर लेकर हिस्सा लिया। बच्चे ड्रम बजाते हुए यात्रा में शामिल हुए, जबकि NCC कैडेट्स ने भी मार्च किया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

14 अगस्त तक मंडलों में जारी रहेगा अभियान

‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत पटना की मुख्य तिरंगा यात्रा के बाद 14 अगस्त तक बिहार के अलग-अलग मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

एक करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को सामाजिक पेंशन

इसी दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर की। अणे मार्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक लाभार्थी के खाते में DBT के जरिए 1,100 रुपये भेजे गए। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के दायरे में आने वाला कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इसके साथ ही उन्होंने छूटे हुए योग्य लाभार्थियों के नाम सूची में हर कीमत पर शामिल करने की बात कही है।